गिरिडीह। दर्दनाक खबर झारखंड के गिरडीह जिले से सामने आई है। यहां शनिवार की देर रात एक मकान में भीषण विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद पूरा मकान जमींदोज हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास का इलाका थर्रा उठा। हालांकि विस्फोट के कारण का अभी पता नहीं चल सका है। प्रथम दृष्टया यह सिलेंडर ब्लास्ट प्रतीत हो रहा है।
गिरिडीह एसपी अमित रेणु ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तिसरी थाना क्षेत्र के खिड़किया मोड़ के पास स्थित बुधन राय के मकान में जोरदार धमाका हुआ है। जिसके बाद पूरा मकान जमींदोज हो गया। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम के साथ ही मलबा हटाने के लिए चार जेसीबी भी मौके पर पहुंच गई। तो वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर बीडीओ सुनील प्रकाश, तिसरी थाना प्रभारी पीकू प्रसाद और लोकाय थाना की पुलिस पहुंची।
विस्फोट के बाद लोग दहशत में आ गए। तो वहीं, हादसे में बचे बुधन राय ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि वह और उसका एक पोता पेशाब के लिए बाहर निकले थे। तभी विस्फोट के साथ उसका पूरा घर ध्वस्त हो गया। जिस समय ये विस्फोट हुआ, उस समय घर के अंदर उसकी पत्नी भूखली देवी, बहू सुनीता देवी, पोता अंकित राय और दो माह का बच्चा सोए हुए थे। बुधन का कहना है कि मलबे में उसकी पत्नी, बहू और बहू के दोनों बच्चे दब गए। उसकी पत्नी की लाश निकाली जा चुकी है। जबकि अन्य तीनों को मलबे से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, गिरिडीह एसपी अमित रेणु ने बताया कि विस्फोट के कारण का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रथम दृष्टया यह सिलेंडर ब्लास्ट का प्रतीत होता है। जांच चल रही है।